दोहा
कहें सुधीर कविराय - दोहा छंद ५८
((१३-४४३२, ११-४४२१))
*******
ज्ञान बाँटते फिर रहे, कैसे - कैसे लोग।
भले नहीं वो जानते, किसका कब उपयोग।।
जो भी लिखा ललाट पर, उसका किसको बोध।
नाहक ही चिंता करें, मान रहे अवरोध।।
किसके ललाट पर लिखा, इस दुनिया में खास।
नहीं पता है आपको, छोड़ रहे विश्वास।।
सुनना भी इक साधना, श्रुति भी सुंदर ज्ञान।
करे श्रवण जो ध्यान से, बने वही विद्वान।।
श्रुति सम्मत जो मानकर, श्रवण करते आप।
अंतर्मन उजियार हो, भागे भ्रम संताप।।
शब्द ब्रह्म की धार है, श्रुति से मिले उजास।
श्रवण करे श्रद्धा सहित, मिटे हृदय की प्यास।।
श्रवण साधना है नहीं, इतनी भी आसान।
ईश्वर की जिस पर कृपा, उसको इसका ज्ञान।।
श्रवण करे जो शांत चित, होता नहीं अधीर।
हृदय उतरते भाव हैं, शब्द -शब्द रघुवीर।।
नेकी करिए मौन रह, बदी रहेगी दूर।
चिंता केवल वे करें,जो हों मद में चूर।।
राह भली नेकी-बदी, चलना तेरा काम।
ले जाए इक स्वर्ग को, दूजा नरका धाम।।
नेकी-बदी विचार में, उलझा सकल जहान।
कहें मित्र यमराज जी, चुने एक इंसान।।
भाग रहे हैं हम सभी, कब देखें दिन-रात।
और-और की चाह में, खोते नित जज़्बात।।
नवमी पावन आ गई, मैया के नौ रुप।
कहें मित्र यमराज जी, मेरी मातु अनूप।।
नवमी तिथि पर भक्त गण, करते हवन अपार।
कन्या रुपी मातु को, पूज रहा संसार।।
रचे महावर पाँव में, प्रीति भाव के संग।
गोरी पग के रंग से, छलके मधुर उमंग।।
धर्म अहिंसा है दिया, संतों ने उपदेश।
उनके उन्नति ज्ञान से, मिट जाते क्लेश।।
प्रीति बिना सब सून है, नीरस जीवन सार।
जिसके मन में है बसा, वही बाँटते प्यार।।
जीवन में विष अरु सुधा, समझाते हैं मोल।
आप बिना माने उसे, रहो घूमते गोल।।
जो भी मन में आपके, उसे कीजिए व्यक्त।
इतना होना चाहिए, बनकर रहें सशक्त॥
नहीं सुनानी है हमें, अपने दिल की बात।
ईश्वर को है सब पता, कौन डाल या पात।।
सादा जीवन संग में, करे सरल व्यवहार।
उड़ा रहे उपहास सब, जैसे हँसी उधार।।
वादा करके तोड़ना, नहीं गर्व की बात।
सहना पड़ता व्यर्थ में, बिन कारण आघात।।
नहीं सुनाना है हमें, अपनी कोई बात।
ईश्वर को सब है पता, जैसे जिसके गात।।
नहीं उड़ाना चाहिए, दीनों का उपहास।
पड़े कांपना फिर भले, घूम-घूमकर घास।।
छल से कब किसको मिला, जिस पर करें गुमान।
बतलाता व्यवहार है, कितना कौन महान॥
समय बड़ा बलवान है, समझो इतनी बात।
गुरू मानता जो इसे, बचा रहे आघात॥
जब विपत्ति सिर पर पड़ी, देने आता साथ।
कौन खड़ा है साथ में, कौन छुड़ाता हाथ॥
वहीं टिके संबंध भी, जहाँ वचन का मान।
एक बार जो टूटता, मुश्किल बड़ा निदान॥
प्रेम दिखावा है नहीं, यह तो सच्चा भाव।
नहीं स्वार्थ कोई जहाँ, होता वहीं लगाव॥
लक्ष्मी संग गणेश की, पूजा करते लोग।
धन वैभव सुख सम्पदा, चाहें करना भोग।।
लक्ष्मी धन आशीष दें, और गणेश विवेक।
जन-मानस की कामना, सकल जगत् की एक।।
हिंसा और तनाव से, होता है नुकसान।
क्यों हमको होता नहीं, सीधा सा विज्ञान।।
कुछ लोगों की सोच है, हिंसा और तनाव।
नफ़रत के फैलाव का, इतना जिनको चाव।।
दुष्ट दशानन ले उड़ा, सीता को रथ डाल।
धरती देखे नयन भर, नभ भी हुआ निढाल॥
रावण रथ में सिय नहीं, चला काल था संग।
नहीं पता अभिमान में, मर्यादा कर भंग॥
रावण रथ पर सिय नहीं, काल चला है संग।
भूल गया अभिमान में, मर्यादा कर भंग॥
नीचे देखें तापसी, जोड़ हाथ अरमान।
सिया वियोगी राम के, अटके होंगे प्राण॥
गीधराज ने कर दिया, रावण रथ पर वार।
प्राण गँवा कर दे दिया, निज जीवन आधार॥
अरुण उगा अरु में उठा, लिए हृदय में आस।
तम को हरना है मुझे, पहला प्रथम प्रयास।।
अरण्य गहरा मौन है, पर देता है ज्ञान।
जो खोता एकांत में, वो पाते भगवान॥
गुरुकुल के विस्तार पर, देना होगा ध्यान।
तभी सनातन धर्म का, बढ़ सकता सम्मान।।
कितने गुरुकुल चल रहे, भला देश में आज।
कौन सोचता आजकल, आया कैसा राज।।
गुरुकुल शिक्षा के लिए, चले नया अभियान।
तभी सुरक्षित रह सके, संस्कृति औ सम्मान।।
गुरु चरणों में डाल दो, अपने मन का द्वंद्व।
मिट जाएगा आपके, जीवन का छलछंद।।
रात निहारो चाँदनी, बरसे निर्मल नूर।
धवल चदरिया ओढ़ धरा, लगे स्वर्ग भरपूर॥
आँगन-आँगन छिटक रही, भरी चाँदनी नेह।
पिया बसे परदेस में, सुलगे मेरी देह॥
पूछ रही है चाँदनी, क्यों है आज उदास।
बोली चंदा रूठकर, तोड़ गया विश्वास॥
चाँदनी रात गुलाबी, मनवा करे पुकार।
याद पिता तड़पा रही, आ जाते इक बार॥
तितली उड़ती बाग में, रंग-बिरंगे पंख।
फूल-फूल पर नाचती, जैसे टहले शंख॥
तितली मन की कल्पना, उड़े गगन के पार।
बिना किसी मनभेद के, घूम रहीं संसार॥
तितली सी सजनी लगे, चंचल चपल स्वरूप।
देख-देख मन डोलता, जैसे चाँद अनूप॥
दीपक देता रोशनी, करे नहीं वो भेद।
अंधे फिर भी ढ़ूँढ़ते, इसमें कोई छेद।।
दीपक सबको दे रहा, समता युक्त उजास।
अपनी धुन में वो सदा, करता सतत प्रयास।।
भला त्याग को दे रहा, कौन आजकल भाव।
राह खोजते हैं सभी, कैसे दें हम घाव॥
व्यर्थ ज्ञान भी त्याग का, कलयुग में सब मौन।
नहीं तुझे मैं जानता, सच बोलो हो कौन॥
क्या रख लेने से जटा, बढ़ जाता है मान।
बतलाए कोई मुझे, मैं मूरख नादान।।
धन वैभव से भी बड़ा, बना रहे सम्मान।
पर कितने हैं जानते, इसका जो विज्ञान।।
धन वैभव से घर भरा, मगर नहीं है चैन।
भीगे रहते हैं सदा, जाने कितने नैन।।
सक्षम खुद को मानना, देता है विश्वास।
वरना जाती टूट है, भीतर से ही आस।।
आप भला अक्षम कहाँ, कैसे इसका बोध।
क्यों बनते बेवकूफ हो, खुद बनकर अवरोध।।
यहाँ सभी लाचार हैं, कैसे कहते आप।
सब उनके आरोप हैं, जो करते हैं पाप।।
केवल उनको लग रहा, यहाँ सभी लाचार।
झूठे जिनके स्वप्न हैं, व्यर्थ करें तकरार।।
तिल-तिल कर वो मर गया, क्या था उसका पाप।
करा रहे औलाद जब, महामृत्युँजय जाप।।
तिल का ताड़ बना रहा, है जिसको अभियान।
जिसका अपना स्वप्न भी, करता है अपमान।।
********
दशहरा/ विजयादशमी /रावण
********
राम-नाम आधार का, जिसको है विश्वास।
प्रेम भाव से नित भजे, उसके पूरन आस।।
बढ़े पाप जब धरा पर, मचता हाहाकार।
धर्म हेतु तब प्रभु स्वयं, लेते हैं अवतार।।
सच्चाई का अंत में, मिले जीत परिणाम।
झूठ भले बलवान हो, होता है नाकाम।।
पर्व दशहरा दे रहा, रावण का संदेश।
सत्य राह पर ही चलो, व्यर्थ अमरता वेश।।
हारा रावण अंत में, विजय पर्व का सार।
अंत भला तो सब भला, चलो राम दरबार।।
रावण ज्ञानी वीर था, अहंकार में चूर।
एक भूल से हो गया, जीवन से वह दूर।।
हुआ नाश अधर्म का, प्रभो राम जयकार।
पर्व दशहरा कह रहा, अंत रावणी हार।।
पर्व दशहरा दे रहा, जन-मन को संदेश।
रावण अब मारा गया, प्रभो राम अवधेश ।।
विजया दशमी पर्व पर, रावण को है हर्ष।
मिलना है इक बार फिर, राम नाम उत्कर्ष।।
जला रहे रावण सभी, विजयादशमी आज।
पर क्या सचमुच वो जले, छुपा रहे सब राज।।
विजयादशमी व्यर्थ है, रावण भी हैरान।
कहाँ राम हैं मारते, यह मम का अपमान।।
रावण वध से अब नहीं, पड़े किसी को फ़र्क।
ताल ठोंक कर कर रहे, कौन पिये मम अर्क।।
विजयादशमी पर्व पर, रावण का संदेश।
मुझे जलाकर तुम नहीं, मिटा सकोगे क्लेश।।
मन में जो रावण बसा, पहले उसको मार।
तभी दशहरा कह सके, जय श्री राम पुकार।।
रावण था हमसे बड़ा, क्या मूरख नादान।
व्यर्थ बाँटता घूमता, आज मनुज को ज्ञान।।
दस मुख रावण को नहीं, बिल्कुल था अभिमान।
मोक्ष लालसा में किया, सीता का अपमान।।
सोने की लंका जली, जला मान अभिमान।
और आप हम कह रहे, हम बड़े महान।।
त्रेता युग में एक था, रावण ही विद्वान।
इसीलिए तो आज भी, मर कर देता ज्ञान।।
कहें मित्र यमराज जी, सुनिए चतुर सुजान।
रावण मरता कब भला, लो मुझसे गुरुज्ञान।।
रावण अपना शिष्य है, रचे नया आयाम।
व्यर्थ आप उसको नहीं, अब करना बदनाम।।
रावण ने मुझसे कहा, सुनो मित्र यमराज।
मुझको भी अब लो शरण, पूरे हों सब काज।।
ज्ञानी पंडित था बड़ा, जिसे नहीं था बोध।
अहंकार में डूबकर, स्वयं बना अवरोध।।
सोने की लंका जली, जला मान अभिमान।
राम-बाण से मर गया, व्यर्थ गया ज्ञान।।
वेद शास्त्र सब था पढ़ा, फिर भी कर गया भूल।
सीता पति से बैर कर, वंश मिटाया धूल।।
जब रावण मारा गया, तब भी रहा अधीर।
हर मन जब रावण बसे, कौन बुझाए पीर।।
दस सिर वाला क्या करे, जब है नहीं विवेक।
अहंकार में डूब वो, काम करे कब नेक।।
********
दुख जीवन का अंग
*******
दुख जीवन का अंग है, सुख के हैं दिन चार।
करे धैर्य से सामना, खुला मिले सुख द्वार।।
सुख-दुख जीवन अंग है, जैसे तपती छाँव।
दुख में जो हँसता रहे, जले न उसके पाँव॥
दुख भी अपना मित्र है, चाहे सुख सा मान।
मूर्ख बने हम क्यों भला, बिना ज्ञान विज्ञान।।
दुख जीवन का अंग है, इसे लीजिए मान।
सबको यही तराशता, सूत्रधार भगवान॥
जो इतना है जानता, दुख जीवन का अंग।
कभी नहीं उसके पड़े, करना खुद से जंग।।
******
प्राण
*****
मातु-पिता के प्राण हैं, बस उनकी संतान।
अंत समय में जो मिले, बिखर गया अरमान।।
नहीं किसी का प्राण पर, होता है अधिकार।
ईश्वर का उपहार ये, केवल मिला उधार।।
चिंता अपने प्राण की, केवल होता लोभ।
कर्म सदा अच्छे करो, दूर रहेगा क्षोभ।।
घट-घट में ईश्वर बसे, करते रहिए बोध।
जिनके हाथों प्राण की, डोर बिना अवरोध।।
प्राण-प्रतिष्ठा राम की, मर्यादा आधार।
बड़ी जरूरत आज की, बढ़े प्रेम व्यवहार।।
******
शरद
*******
शरद पूर्णिमा रात है, बरसे अमिरत धार।
चंद्र किरण की शीत में, बिखरे प्रेम अपार॥
शरद चाँदनी रात्रि में, जागे भाग्य-विवेक।
लक्ष्मी पूछें विश्व से, कौन बड़ा है नेक॥
शरद चाँदनी छा रही, निर्मल नभ उल्लास।
अमृत बरसे रात भर, मन में भरे उजास॥
शरद चाँदनी रात है, छाई अनुपम भोर।
रास रचाते श्याम हैं,बनकर के चितचोर॥
शरद ऋतु आई यहाँ, निर्मल हुआ आकाश।
खिले कांस के फूल सब, भरकर नवल प्रकाश॥
शीत शरद की रात में, बहती ठंड बयार।
मन को मोहित कर रहा, दिव्य प्रकृति श्रृंगार॥
पूनम चंदा की चमक , तारों बीच महान।
शीतल किरणें बाँटता, जैसे संत सुजान॥
पूनम की यह रात है, चमके नभ में चाँद।
मन का सारा तम मिटे, बँधे प्रेम का बाँध॥
*******
करवा चौथ
*********
रजनी करवा चौथ की, सजनी करे विचार।
चाँद देख पिय को जिये, जो उसका संसार॥
रखती व्रत है प्यार से, पिय की उम्र हजार।
ईश्वर की इतनी कृपा, मान रही आधार॥
कर सोलह श्रृंगार वो, दृष्टि चाँद की ओर।
देख प्रथम पिय रूप को, दूजा देख चकोर॥
करवा चौथ रही भला, मिले कहाँ अब भाव।
कुछ को नहीं अघाव है, कुछ सहते हैं घाव।।
पिया नहीं जब पास हैं, तब तुमसे ही आस।
चंदा अब तू ही बता, क्यों करता परिहास।।
पिया नहीं जब पास हैं, तब तुमसे ही आस।
तुम ही साक्षी प्रेम के, अटल अमर विश्वास।।
निर्जल व्रत के साथ भी, मन में है उत्साह।
पिया प्यार मिलता रहे, और नहीं कुछ चाह।।
हाथ रचा कर मेंहदी, चंदा सी शरमाय।
प्रेम प्यार मनुहार से, पिय हित औ में हर्षाय।।
आँखों में साजन बसे, बोझिल होते नैन।
गूँजे मेंहदी स्वर सुने, मिलता सुखदा चैन।।
पति बनकर ही खुश रहो, और नहीं कुछ चाह।
परमेश्वर के फेर में, मत होना गुमराह।।
पति परमेश्वर हो नहीं, इतना रखिए याद।
कैसे कहते हो भला, अधिकारी इमदाद।।
******
सुधीर श्रीवास्तव
Comments
Post a Comment