लघुकथा -भीगी पलकें

लघुकथा — भीगी पलकें 

     स्टेशन के बाहर एक बूढ़ी माँ खड़ी थीं, उनके हाथ में एक पुराना झोला, जिसमें एक रोटी और आम का अचार बँधा था। लोग इधर-उधर भाग रहे थे।पर वो नहीं हिली। उसकी आँखें दूर तक प्लेटफॉर्म की ओर थीं।
मैंने पूछा — माई, यहाँ क्यों खड़ी हो? बेटा आने वाला है क्या?”
वो मुस्कुराई — हाँ बाबू, आज बरसों बाद आ रहा है। बोला था — माँ, इस बार आकर तुझे अपने साथ ले जाऊँगा।
मैं चुप हो गया।
ट्रेन आई। भीड़ उतरी। लोग अपनों से गले मिले, हँसे, चले गए। प्लेटफॉर्म खाली हो गया। पर उसका बेटा नहीं आया।
मैंने फिर कहा — माई, चलो, अब घर चलो, शायद कल आ जाए।
उसने झोले को सीने से लगा लिया। पलकें भीगी थीं, पर आवाज़ में कोई शिकायती भाव नहीं था।
बाबू, तुम नहीं समझोगे... माँ की पलकें तो तब से ही भीगी हैं, इंतज़ार में माँ भलला कब हारती है। वो अगर आज नहीं आया, तो कल आएगा। कल नहीं, तो परसों... पर एक दिन तो आएगा ही।
मैं कुछ नहीं बोल पाया।
तभी फोन बजा। दूसरी तरफ से आवाज़ आई — माँ... ट्रेन छूट गई, कल सुबह पहुँचूँगा। खाना खा लेना, भीगना मत।
उसने फोन को कान से लगाया, हँसकर बोली - हाँ बेटा, मैं तो कब की घर आ गई। तू अपना ध्यान रख।
फोन रखा, और धीरे से पलकें पोंछ लीं। 
मैंने पूछा - माई, झूठ क्यों बोला? तुम तो अभी भी यहीं हो।
वो बोली — बेटा दूर है बाबू, अगर उसे पता चलेगा कि अभी  तक यहीं खड़ी है, तो वो परेशान हो जाएगा।
तब तक वारिश होने लगी।
माँ की भीगी पलकें बेटे को रुला दें, इससे अच्छा है कि अकेले ही भीग ले।
   आज पहली बार मुझे लगा कि माँ की पलकों का भीगना भी एक आशीर्वाद की तरह होता है।

सुधीर श्रीवास्तव 

Comments

Popular posts from this blog

साहित्य ने दिलाई पहचान 'कलम की मुस्कान' - लतेलिन 'लता' प्रधान

देहदानी कवि यमराज मित्र सुधीर श्रीवास्तव को बोधगया में 'अतरराष्ट्रीय सम्मान'

माघ मेला शिविर में संत समागम