मुक्तक
मुक्तक
*******
दोहा मुक्तक
**********
राष्ट्र पिता की वेदना, भला समझता कौन।
इनकी खातिर हैं सभी, बड़े प्रेम से मौन।।
गाँधी जी की आड़ में, होते खुल्ला खेल-
सब अपने हित तौलते, अद्धा पौव्वा पौन।।
महिमा सतगुरु नाम की, होती बड़ी महान।
जिसको इसका बोध है, वही रहा पहचान।
नहीं समझते जो इसे, भटक रहे वे लोग-
मगर नहीं तैयार हैं, लेने को वो ज्ञान।।
श्राद्ध पक्ष में आ गए, पितर हमारे द्वार।
जल तिल से तर्पण करूँ, धर्म नीति का सार।
ईश्वर से विनती करूँ, लें सबको निज धाम-
पुरखे सारे मुक्त हों, मेरा भी उद्धार।।
नाहक तर्क-वितर्क में, उलझ रहे हैं लोग।
यही आज के समय का, सबसे बड़ा है रोग।
भला सोचते क्यों नहीं, पाते हैं क्या लाभ -
समय गँवाते व्यर्थ में, भूले सारा योग।।
महँगाई ऐसे बढ़ी, लोग हुए बेहाल।
कौन किसे है पूछता, भले फँसा हो जाल।
भला किसी की वेदना, समझ रहा है कौन -
जनता जाए भाड़ में, या फिर डूबे ताल।।
पितरों को करके विदा, महालया आगाज।
बजा शंख माँ आ रही, सजे धरा का साज।
करो मातु आराधना, मिटे जगत का पाप-
जन-मन का कल्याण हो, संग खुशी का राज।।
साधक करता साधना, करे ईश से आस।
नहीं और कुछ चाहता, इतना जब विश्वास।
पाता मंजिल एक दिन, रखता इतना धैर्य -
डिगे नहीं वो सोचकर, टूट न जाए स्वाँस।।
जगह-जगह पर सज गया, माता का दरबार।
छाया बहु उल्लास है, हर घर हर परिवार।
कहें मित्र यमराज जी, अद्भुत माता रुप-
मातु कृपा सब चाहते, पाएं खुशी अपार।।
माता के दरबार में, चलो चलें हम आप।
शीश झुकाकर मातु को, दूर करें निज पाप।
माता सबको दे रहीं, खुले हाथ आशीष -
जीवन सबका शुद्ध हो, करते रहिए जाप।।
सबकी कोशिश है यही, जलती रहे मशाल।
रहे हमारे बीच से, सारा दूर बवाल।
दंभ-द्वेष की आड़ में, करे न कोई खेल-
नहीं किसी के मन उठे, क्यों कर व्यर्थ सवाल।।
व्यर्थ नहीं कहते फिरे, हम उनको गद्दार।
सारी दुनिया जानती, वो तो हैं सरदार।
हर प्राणी ही कह रहा, वो बनता नादान-
निभा रहा है धैर्य से, जोकर का किरदार।।
गद्दारों को आप सब, मत कहना गद्दार।
चांदी का चम्मच लिए, भौंक रहा सरदार।
सावधान रहिए सभी, बड़ी जरूरत आज-
भाषा उसकी तो सुनो, जैसे हो बदकार।।
दीप जलाओ भाव का, दूर करो अँधियार।
व्यर्थ नहीं चिंता करो, क्या करता संसार।
दुनिया देखे आपको, भले भाव अपराध-
निज दीपक की दृष्टि को, दो इतना विस्तार।।
धीर अन्नदाता धरे, सहता वर्षा धूप।
सींच पसीना से धरा, सौंपे उपज। अनूप।
धन्य धरा वह लाल है, भरता सबका पेट-
बिना किसी अभिमान के, होता नित्य कुरूप।।
भूखा सोता है भले, दाता अन्न किसान।
हालत उसकी हो रही, चक्की पिसा पिसान।
कौन नहीं है जानता, कितना उसको दर्द-
मगर समझता कब भला, सिर्फ करें अभिमान।।
व्यर्थ एकता से नहीं, बनती कोई बात।
होते भीतर घात हैं, आपस में दिन-रात।
सच्चाई स्वीकारना, नहीं चाहते आप-
सहते रहते नित्य ही, नाहक जूता लात।।
आज राष्ट्र की एकता, पर होता है वार।
कुछ लोगों को लग रहा, ये उनका अधिकार।
नहीं जानते क्या भला, देशद्रोह यह काम -
मुँह की खाते नित्य वे, पर लगते बीमार।।
बँटना चाहो जब कभी, पहले करो विचार।
राष्ट्र एकता से बड़ा, क्या कोई आधार।।
कहें मित्र यमराज जी, सोचो इतना आज-
भला राष्ट्र से भी बड़ा, क्या कोई संसार।।
ऊपर तो प्रभु राम हैं, अरु भीतर उत्पात।
सिर्फ दिखावा कर रहे, झूठ एकता बात।
कौन नहीं इस सत्य को, जान रहा है आज-
मगर दिखाने के लिए, बनते हैं सुकरात।।
जिसे ज्ञान इतना नहीं, पत्नी घर की बास।
वो शायद खाता रहा, अब तक केवल घास।
सीधी-साधी बात है, नहीं झूठ है कथ्य-
उसका जीवन धन्य है, जिसकी पत्नी बास।।
******
विजयादशमी / दशहरा विशेष
************
रावण जलता आ रहा, जला रहे हम आप।
पर खुद कितना कर रहे, भला बताओ पाप।
पर्व दशहरा कह रहा, पहले लो संकल्प-
जो मन में सबके छिपा, रावण का संताप।।
विजया दशमी पर्व पर, रावण को हर्ष।
मिलना है इक बार फिर, राम नाम उत्कर्ष।
कहें मित्र यमराज जी, मत होना बेचैन -
ये तो होता आ रहा, नया नहीं ये वर्ष।।
जला रहे रावण सभी, विजयादशमी आज।
पर क्या सचमुच वो जले, छुपा रहे सब राज।
यही हमारा दर्द है, जान रहे हम आप -
देख रहे हैं मौन हो, करते रहते काज।।
सोने की लंका जली, जला मान अभिमान।
राम बाण से तय गया, गाए खुशियाँ गान।।
ज्ञानी पंडित वो बड़ा, जिसको इतना बोध -
अहंकार में डूबकर, खोया सकल जहान।।
पुतला जलता चौक में, लोग ठोंकते ताल।
मतवाला रावण हँसे, देख जगत का हाल।।
विजयादशमी पर्व पर, बदला नहीं स्वभाव -
कृपा राम जी जब करें, तभी बदलती चाल।।
कितना किसको रह गया, आज किसी से प्यार।
औरों में सब ढूँढ़ते, सिर्फ स्वार्थ आधार।
यही विवशता आज की, सबको देती दंश-
नहीं किसी को चैन है, केवल है तकरार।।
हाथ हिना सुंदर सजा, पिया नाम के साथ।
प्रीति प्रेम आधार की, आस कृपा रघुनाथ॥
लाल रंग में चमकता, जीवन का सौभाग्य -
हर रेखा है कह रही, नहीं छोड़ना हाथ।।
*******
श्रीराम
******
राम नाम आधार है, सीता राम प्रकाश।
राम बिना सूना लगे, सारा जग आकाश।
कण-कण में रघुनाथ हैं, रोम-रोम श्री राम-
राम सुमिर मन तू सदा, कटे सभी भव पाश।।
राम-सिया का प्रेम ही, है सच्चा आधार।
कहें मित्र यमराज जी, मानव जीवन सार।
राम-राज्य फिर से बसे, यही कामना नित्य-
घर-घर में गूँजे सदा, जय श्री राम पुकार।।
राम नाम के जाप से, मिटते सारे कष्ट।
राम भरोसे जो रहे, कब होता है नष्ट।
रघुनंदन श्री राम जी, करें हृदय में वास-
राम-राम जो भी जपे, कभी नहीं वो भ्रष्ट।।
नील वर्ण श्रीराम हैं, कोमल कमल समान।
धनुष बाण कर में लिए, करते दुष्ट निदान।
नित्य सभी हैं पूजते, चरण कमल दिन-रैन-
राम कृपा से ही बढ़े, सारा जगत विहान।।
*******
रोला मुक्तक -
******
मगरमच्छ के अश्रु, नहीं देखा है जिसने।
झूठा वो इंसान, चाह रखता है पिसने।
कहें मित्र यमराज, जगत की लीला न्यारी-
होता जो अब खेल, नहीं खेला है किसने।।
इतना तेरा ठाट, बनेगा कल को काँटा।
जो बोया सो काट, नहीं तो खाना चाँटा।
भले न समझो आज, करो अपनी मनमानी -
भले किसी ने आज, नहीं है तुमको डाँटा।।
साधक बनना आसान, नहीं होता है इतना।
भले सोचते आप, खेल बस जैसा जितना।।
कहें मित्र यमराज, जरा करके दिखलाओ-
चाह रहे यदि मित्र, सीख लो पहले मिटना।।
मर्यादा के राम, प्रेम करुणा के सागर।
जूठे शबरी बेर, नेह की फैला चादर।
सह कर कष्ट अनेक, संग सीता वन फिरते-
मुख पर है मुस्कान, राम जी मोहक गागर।।
राम हमारे इष्ट, यही हैं प्राण हमारे।
राम बिना सब व्यर्थ, कौन हमको तब तारे ।
बाँधा सागर सेतु, बीच पहुँचे जा लंका-
ऐसे मेरे राम, बने जग के उजियारे।।
*******
सरसी छंद मुक्तक
********
परमेश्वर के न्यायालय में, गाते हैं सब गान।
उसके दर पर मिलता सबको, सबसे श्रेष्ठ निदान।
कर्मों के फल की चिंता में, होते हम कमजोर-
न्यायधीश हैं एक हमारे, बस लेना पहचान।।
हम तुम हैं जब साथ साथ तो, डरने की क्या बात।
नहीं करेंगे हम तुम दोनों, इक दूजे से घात।।
दुनिया का जो गोरखधंधा, देख रहे हैं लोग -
वही चाहते सारे मिलकर, मारें हमको लात।।
कैसे करुँ तुम्हारी पूजा, मुझे नहीं कुछ ज्ञान।
ऐसे ही हमको स्वीकारो, मान हमें नादान।।
सत्य हमारी बाते मानो, करो न सोच विचार -
संशय क्यों है इतना मन में, या फिर अलग विधान।।
सुख-दुख का संदेश बाँटकर, करते रहना प्यार।
इससे सुंदर नहीं जगत का, है कोई आधार।
कभी न फँसना गुण दोषों में, नहीं ठानना रार-
हमें बनाना होगा मिलकर, अपना ये संसार।।
नहीं भरोसा रहा किसी पर, फिर भी करते लोग।
भला समझते मूरख कितने, दावत देते रोग।।
कहें मित्र यमराज हमारे, कुछ तो करो विचार -
या फिर खूब करो मनमानी, और भोगिए भोग।।
हर मन में अब रावण रहता, इसका सबको ज्ञान।
पर अपनी जब बारी आती, कौन रहा है मान।
कहें मित्र यमराज हमारे, सबकी उल्टी सोच-
कौन बनेगा राम यहाँ पर, सभी बनें नादान।।
सुधीर श्रीवास्तव
Comments
Post a Comment